कैथल। पुलिस अधीक्षक उपासना यादव ने कहा कि समाज और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से अपराधों पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आमजन की सक्रिय भागीदारी से कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है और समाज को और सुरक्षित रखा जा सकता है।
हरियाणा पुलिस महानिदेशक के आदेशानुसार जिला स्तर पर गठित पुलिस-पब्लिक समन्वय कमेटी की बैठक मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कैथल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी उपासना यादव ने की। इसमें विभिन्न गांवों व कस्बों से आए मौजिज व्यक्तियों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याएं व सुझाव साझा किए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच आपसी सहयोग को बढ़ाना, अपराधों की रोकथाम के लिए संयुक्त रणनीति तैयार करना, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना था। एसपी ने ग्रामीणों और किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेषों को न जलाएं और पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपाय अपनाएं। कहा कि पराली जलाने से न केवल पर्यावरण को नुकसान होता है, बल्कि इसके लिए कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है। एसपी ने नशे का कारोबार करने वाले व्यक्तियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सूचना देने की अपील की। संवाद