04-कैथल। अवैध कालोनियों में पीला पंजा चलाते हुए जिला नगर योजनाकार विभाग।
- फोटो : Kaithal
जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से पुलिस की सहायता से जींद रोड सहित कई जगहों पर अवैध निर्माण हटवाया गया। विभाग की टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुदेश मेहरा के साथ पुलिस सुरक्षा के बीच गांव पट्टी चौधरी में कैथल-जींद रोड, जीवन राइस मिल के नजदीक लगभग 3.5 एकड़ भूमि में पनप रही अवैध कॉलोनी पहुंची। यहां शुरुआती चरण में ही जिला प्रशासन की मदद से अवैध निर्माण हटाया गया। जेसीबी मशीनों के साथ अवैध कॉलोनी व मार्केट को हटाने का कार्य सुबह 11.30 बजे शुरू किया गया।
डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि गांव पट्टी चौधरी में निर्माणाधीन 3 रिहायशी मकानों की नींव, एक रिहायशी मकान की चहारदीवारी, मौके पर बनी मिट्टी की 3 सड़कों को पीले पंजे की मदद से तोड़ा गया। विभाग द्वारा भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को नोटिस किया गया था। जिसके बाद कार्रवाई की गई।
जिला नगर योजनाकार अनिल कुमार नरवाल ने बताया कि आम लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। वह सस्ते प्लॉट के चक्कर में प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में न आएं, न ही अवैध कालोनियों में प्लॉट खरीदें। मकान खरीदने से पहले जिला योजनाकार कार्यालय से पूर्ण जानकारी प्राप्त कर लें।