गुहला-चीका। चीका-कैथल मार्ग पर सात साल बाद शनिवार को निर्माण कार्य शुरू हो गया। इस सड़क के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। क्योंकि वर्ष 2015 के बाद से कैथल-चीका मार्ग का निर्माण शुरू नहीं किया गया था।
जानकारी के अनुसार कैथल से चीका मार्ग क रास्ते पटियाला जाने वाला स्टेट हाइवे का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद सैकड़ों वाहन चालकों को राहत मिलेगी। शनिवार को विधायक ईश्वर सिंह ने पूजा अर्चना करवाई और सडक़ का निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ विधायक ने समाना रामनगर रोड पर गांव अजीमगढ़ के पास हरियाणा के हिस्से की दो किलोमीटर सड़क के निर्माण कार्य का भी शुरू करवाया। चीका कैथल रोड के निर्माण पर जहां साढ़े आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे वहीं रामनगर समाना रोड पर 65 लाख रुपये खर्च होंगे। ये दोनों ही सड़कें पिछले लंबे समय से जर्जर हालत में थी और लोग इन सडक़ों की मरम्मत के लिए निरंतर आवाज उठा रहे थे। अब इन सडक़ों का निर्माण कार्य शुरू होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि हलके की 38 सड़कें व लिंक रोड की मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है। चीका कैथल सडक़ का निर्माण बहुत जरूरी था। विशेष प्रयास करके तकनीकी बाधाओं को दूर करवाते हुए सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है, जिससे क्षेत्र के साथ-साथ इस राज्य मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। विधायक ने कहा कि चीका कैथल रोड के निर्माण में देरी होने की मुख्य वजह यह रही कि जिस दिन प्रदेश सरकार से इस सडक़ के मरम्मत के कार्य को मंजूरी मिली उससे अगले ही दिन केंद्र सरकार द्वारा इसे फोरलेन बनाने का प्रस्ताव पारित कर दिया। इस मौके पर अधीक्षक अभियंता जगबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता अरूण भटिया, अजैब सिंह, रवि, खुशबाग सिंह, दलजीत सिंह, हन्नी, मुकेश कुमार, राजीव शर्मा, गज्जन सिंह, रामकला बलबेहड़ा, अमरेंद्र खारा, माम राज जिंदल, रिंपी व पार्षद सुभाष भी मौजूद रहे।