कैथल। चार लोगों ने गांव किठाना के एक युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर उससे 18 लाख 62 हजार 500 रुपये ठग लिए। पुलिस ने युवक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
किठाना निवासी अशोक ढांडा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाने का इच्छुक था। उसने इस संबंध में अपने दोस्त संदीप से बात की तो उसने बताया कि गांव संडील जिला जींद निवासी मंजीत व सुमित युवकों को विदेश भेजने का कार्य करते हैं। उनका ऑफिस दिल्ली में द्वारका मेट्रो स्टेशन के पास है। इसके बाद वह संदीप के साथ दिल्ली चला गया। वहां मंजीत ने उसको 30 लाख रुपये में अमेरिका भेजकर काम दिलवाने का आश्वासन। दिसंबर 2021 में उसने अपना पासपोर्ट मंजीत को दे दिया था। इसके बाद आरोपी मंजीत ने अलग-अलग समय में उससे 18 लाख 62 हजार 500 रुपये ले लिए और उसे मई 2022 में अजरबेजान भेज दिया। वहां से उसे 31 मई 2022 को वापस दिल्ली भेज दिया गया। वह दोबारा मंजीत के पास गया तो आरोपी ने 18 जुलाई 2022 को उसे जयपुर से अर्मिनिया व वहां से सर्बिया भेज दिया। वहां आरोपी मंजीत व सुमित के कहे अनुसार उसने उनके दोस्त मंगा व आरोपी अमित कुंडू ने उसका पासपोर्ट ले लिया और उससे और रुपये मांगे। उसको सर्बिया में एक माह तक रखा गया और फिर उससे 11 लाख रुपये की ओर मांग की गई। आरोपियों ने कहा कि वह नरड़ निवासी महाबीर चहल को 11 लाख रुपये दे। इस पर शिकायतकर्ता के बड़े भाई ने चीका अनाज मंडी से 11 लाख रुपये लेकर महाबीर चहल को दे दिए। रुपये लेने के बाद भी आरोपियों ने उसे दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह तक सर्बिया में एक कमरे में बंदी बनाकर भूखा-प्यासा रखा। जनवरी 2023 में उसे पुर्तगाल भेज दिया। 24 फरवरी को मजबूरन उसे वहां से वापस आना पड़ा। आरोपियों ने मिलकर उससे 18 लाख 62 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी की है। अब पैसे वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। एएसआई पारस कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।