कैथल। रामनगर में प्रस्तावित रेलवे अंडरपास का निर्माण बजट नही मिलने से लटक गया है। इस कार्य के लिए रेलवे ने अनुमति तो दे दी है। इस अंडरपास के निर्माण को लेकर रेलवे ने राज्य सरकार से निर्माण की सिफारिश की थी। इसके सिफारिश पर ही नगर परिषद ने साढ़े चार करोड़ रुपये का बजट का एस्टिमेट सरकार के पास भेजा है, लेकिन बजट अभी तक नहीं मिला है।
वर्ष 2022 की फरवरी में फाटक के रेलवे स्टेशन के यार्ड में आने के कारण इसे बंद कर दिया गया था। इस पर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित कॉलोनियों के लोगों ने रोष जताया था। इसके बाद कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी व भाजपा विधायक लीला राम के आग्रह पर रेलवे ने निर्माण को लेकर सर्वे किया था।
सर्व के बाद यहां पर फाटक का निर्माण न कर रेलवे अंडरपास निर्माण की फिजिबिलिटी सही पाई गई थी। इसके बाद ही रेलवे ने इस परियोजना के बजट को राज्य सरकार को जारी करने की गुजारिश की थी। अब तक इसके लिए केवल बजट का एस्टीमेट ही भेजा गया है, लेकिन यह पास नहीं हो पाया है। इसके पास होने का इंतजार है।
रेलवे फाटक बंद होने के कारण इस समय शहर की 25 से अधिक कॉलोनियों के 30 हजार से अधिक लोगों को समस्या हो रही है। इस फाटक के बंद होने से इन लोगों को दो किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करके अनाज मंडी और कुतुबपुर रोड वाली फाटक से इस पार से उस पार जाना पड़ रहा है।
फाटक बंद होने के बाद नई अनाज मंडी, रामनगर, रजनी कॉलोनी, चंदाना गेट, शक्ति नगर, जींद रोड मॉडल टाउन, रेलवे गेट कॉलोनी, वाल्मीकि धर्मशाला बस्ती, भगत सिंह चौक, प्रताप गेट, डकौत बस्ती, भाट बस्ती, रेलवे गेट, भगत सिंह चौक, जनता मार्किट, सब्जी मंडी सहित अन्य कॉलोनी के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर जेके अरोड़ा ने बताया कि रेलवे स्टेशन के यार्ड में इस फाटक के आने के बाद इसे बंद किया गया था। रेलवे ने यह परियोजना राज्य सरकार को दी है। राज्य सरकार इसके लिए बजट जारी करती है तो इस पर कार्य शुरू होगा।
नगर परिषद के कार्यकारी रवि ओबराय ने बताया कि रेलवे फाटक वाली जगह पर रेलवे अंडरपास बनाने के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी। अब इसके लिए साढ़े चार करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर बजट की मांग की है। अभी तक बजट नहीं मिला है।
सदन में उठाया था मुद्दा
वार्ड नंबर 22 के पार्षद राजेश सिसौदिया ने बताया कि यह रेलवे फाटक उनके वार्ड में आता है। इस फाटक के बंद होने के बाद इसे शुरू करने का मुद्दा उन्होंने सदन में उठाया था। उनकी सरकार से गुजारिश है कि बजट पास करें, ताकि लोगों को लाभ मिल सके।
-
प्रदेश सरकार दे अनुमति
रेल कल्याण समिति के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने बताया कि रेलवे व राज्य सरकार को आम जन के हित को देखते हुए यहां पर रेलवे अंडरपास के निर्माण के लिए अनुमति देनी चाहिए। यदि यहां पर अंडरपास भी बनता है तो लोगों को काफी सहूलियत यहां पर होगी।
विद्यार्थी होते हैं परेशान
रोहताश ने बताया कि इस फाटक के बंद हुए एक साल से अधिक का समय हो गया है। सुबह के समय विद्यार्थी चंदाना गेट की तरफ स्थित स्कूल में जाते हैं, लेकिन इसी समय में ट्रेन के आने का समय होता है। काफी कठिनाई होती है।
फाटक बंद होने से परेशानी
संदीप ने बताया कि इस फाटक के बंद होने के कारण जनता काफी परेशान है। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है। फाटक के दूसरी तरफ स्थित श्मशान घाट में शव को ले जाने में परेशानी होती है।