सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा जो पार्टी अपने चंद विधायकों को खुश नहीं रख सकती वह पार्टी प्रदेश की जनता को कैसे खुशियां बांट सकती है। यह बातें उन्होंने विस्तार नई अनाज मंडी ढांड में सर्व जातीय टीम पूंडरी द्वारा आयोजित सर्व जातीय जनहित रैली में बतौर मुख्यातिथि लोगों को संबोधित करते हुए कहीं। रैली में पहुंचने पर आयोजकों द्वारा पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया गया।
दीपेंद्र ने कहा कि भाजपा ने अपने 3 साल के शासनकाल में न तो आज तक कोई काम किया है। ना ही कार्यों को लेकर उनके पास कोई नीति है और ना ही उनकी काम करने की कोई नीयत है। मोदी के नाम पर देश व प्रदेश की जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता की आशाओं के अनुरूप खरे नहीं उतरे। उन्होंने कहा कि भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की बात कही गई है लेकिन आज वही भाजपा इसका विरोध कर रही है। भाजपा द्वारा चुनावों से पूर्व बेरोजगारों को रोजगार देने या 9000 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही गई थी। लेकिन रोजगारों के रोजगार छीनने का काम अवश्य कर रही है। हुड्डा ने कहा कि 2 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों के कर्ज माफ करेंगे तथा फसलों के भाव देने का काम किया जाएगा।
गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को 100-100 गज के प्लाट देने का काम कांग्रेस ने शुरू किया था जो भाजपा ने आते ही बंद करने का काम किया। कांग्रेेस के सत्ता में आते ही गरीबों को 100-100 गज के प्लाट देने का काम भी हम कांग्रेसी ही करेंगे। रैली में पूर्व विधायक दिल्लू राम बाजीगर, धर्म सिंह छौक्कर व सरदार मनदीप सिंह चट्ठा ने भी संबोधित किया। रैली के बाद सांसद हुड्डा पूर्व विधायक एवं सीपीएस सुलतान सिंह जडौला के घर जलपान करने पहुंचे।
कांग्रेस की फूट आई सामने
ढांड में कांग्रेस की रैली में कांग्रेस परिवार की फूट खुलकर सामने आई। दिलचस्प बात यह रही कि पूंडरी हलके का कोई भी कांग्रेसी नेता रैली के मंच तक नहीं पहुंचा। रैली से किनारा करते हुए कांग्रेसी नेता अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सांसद हुड्डा का जलपान आयोजित करते नजर आए।