खेड़ी शेरखां में पहुंचे केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि जात-पात की राजनीति करने वाले नेता जनहित की राजनीति न करके बल्कि स्वहित की राजनीति करते हैं। किसानों के मसीहा सर छोटू राम ने गरीब व किसानों की भलाई के लिए जीवन पर्यंत कार्य किया तथा किसानों की गिरवी रखी हुई जमीनों को साहूकारों के चंगुल से वापस किसानों को दिलवाने के लिए कानून बनवाया। सिंह कलायत खंड के गांव खेड़ी शेरखां में ग्राम पंचायत द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अगले तीन वर्षों में गरीब व किसान वर्ग की आमदनी को दो से चार गुणा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ग्राम पंचायत को 10 लाख रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इस अवसर पर भाजपा नेता धर्मपाल शर्मा, पूर्व विधायक मास्टर जोगी राम एवं बनारसी दास ने भी विचार व्यक्त किए। सरपंच के प्रतिनिधि श्री जोगिंद्र सिंह ने स्वागत किया। इस मौके पर उप मंडलाधीश ओम प्रकाश, जिला पार्षद पतासो देवी, जोगी राम, राम सिंह आदि मौजूद रहे।