सीवन। गुहला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने सोमवार को सीवन अनाज मंडी का औचक दौरा किया और धान सीजन की फसल खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। मंडी में विधायक ने देखा कि सैकड़ों किसान अपनी उपज लेकर घंटों से इंतजार कर रहे थे। इस अव्यवस्था को देखकर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों की क्लास ली और तुरंत खरीदी प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए। विधायक हंस ने कहा कि किसानों की मेहनत का अनादर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित एजेंसी के अधिकारियों को तत्काल मंडी में बुलवाया और मौके पर ही फसल की तौल और खरीद शुरू करवाई। उनके हस्तक्षेप के बाद मंडी में खरीद प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जिससे किसानों ने राहत की सांस ली।
किसानों से बातचीत में उन्होंने बताया कि वे 2-2 दिनों से ट्रॉली और ट्रैक्टर लेकर मंडी में रुके हुए थे, लेकिन कोई अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहा था। इस पर विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार केवल कागजों में किसानों की हित की बात करती है, जबकि जमीन पर हालात बिल्कुल उलटे हैं।
विधायक ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि फसल खरीद में अब किसी भी तरह की देरी, तौल में गड़बड़ी या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसानों को परेशान किया गया तो संबंधित एजेंसियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। इस मौके पर राहुल राणा, सुरेश सैनी, विक्रम सैनी सहित कई युवा कार्यकर्ता और किसान भी विधायक के साथ मौजूद रहे। संवाद
06एसडब्ल्यूएन02