संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। समान काम समान वेतन लागू करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में कंप्यूटर प्रोफेशनल की हड़ताल बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण लघु सचिवालय और तहसील में अपने काम करवाने के लिए पहुंचे लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
इसी वजह से पिछले तीन दिनों से ई-दिशा केंद्र और तहसीलों में कोई कार्य नहीं हो पा रहा है। तीन दिन में पूरे जिले में 600 से अधिक रजिस्ट्रियों के कार्य अधर में लटक गए हैं। इसके साथ ही लाइसेंस और वाहनों का पंजीकरण भी काफी प्रभावित हो रहा है।
हड़ताल होने के कारण लोग दर-दर भटकते दिखाई दिए। हड़ताल के चलते किसी भी प्रकार की कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण लोगों को बिना काम करवाए ही वापस लौटना पड़ रहा है। इससे वे परेशान हो रहे हैं।
कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के सदस्य सुभाष ने बताया कि हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल्स संघ से जुड़े ये कंप्यूटर ऑपरेटर डिस्ट्रिक्ट आईटी सोसाइटी का केंद्रीय करण करके बजट का प्रावधान करने की मांग कर रहे हैं।
इसके साथ ही उनकी हरियाणा कौशल रोजगार निगम में भेजे गए सभी कर्मचारियों को वापस डीआईटीएस में शामिल करने की मांग भी है। कैटिगिरी/पद अनुसार समान काम समान वेतन देने, समान काम समान वेतन लागू करने, 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा प्रदान करने और सरकार की रेगुलराइजेशन पॉलिसी के तहत कंप्यूटर ऑपरेटरों को पक्का करने की मांग भी है।
ये हैं मांगे ः कंप्यूटर ऑपरेटर कर्मचारियों की मांगों में कंप्यूटर प्रोफेशनल जिला आईटी समिति डीआईटीएस का केंद्रीकरण कर बजट का प्रावधान करने, सभी कार्यरत कर्मचारियों के पद सृजित करने, एचकेआरएनएल में भेजे सभी कर्मचारियों को वापस डीआईटीएस में शामिल करने, 58 साल उम्र तक सेवा सुरक्षा देने, पद के अनुभव के साथ समान काम समान वेतन देने जैसे मुद्दे शामिल हैं।