कैथल। श्रम विभाग के अंतर्गत हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र कामगारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से डीसी प्रीति की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीसी प्रीति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे श्रमिकों के कार्य सत्यापन की प्रक्रिया को शीघ्र और पारदर्शी तरीके से पूरा करें। उन्होंने बताया कि बोर्ड के तहत पंजीकृत लगभग 2 लाख 22 हजार कामगारों के 90 दिन के कार्य का सत्यापन किया जाना है। यह प्रक्रिया इसलिए आवश्यक है ताकि केवल वास्तविक निर्माण श्रमिकों को ही बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।षडीसी ने कहा कि सत्यापन समयबद्ध, ईमानदारी और तत्परता से पूरा किया जाए, ताकि पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ पाने में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि कार्यस्थलों का निरीक्षण करते समय पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में डीसी प्रीति ने बोर्ड द्वारा चलाई जा रही अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। इस अवसर पर एसडीएम अजय सिंह, बोर्ड के निदेशक हरदीप सिंह, डिप्टी सीईओ सुमित चौधरी, बीडीपीओ जगजीत सिंह, अन्नू, रितु, कार्यकारी अभियंता वरुण कंसल और सुरेंद्र सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।