कैथल। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रीति ने मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण अभियान को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रीति मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर सुपरवाइजरों को संबोधित कर रहीं थीं।
चारों विधानसभाओं कैथल, कलायत, गुहला और पूंडरी के सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। डीसी प्रीति ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने देश भर में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत वर्ष 2002 की मतदाता सूची और 2024 की मतदाता सूचियों का मिलान किया जाएगा। संबंधित बीएलओ की ओर से यह प्रक्रिया 20 सितंबर तक पूरी करवाई जाए। इस कार्य को गंभीरता से एवं गुणवत्ता पूर्वक संपन्न करें। सभी सुपरवाइजर अपने बीएलओ की नियमित हाजिरी लें। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यदि किसी स्तर पर किसी भी प्रकार का संशय उत्पन्न होता है तो तुरंत अपने उच्च अधिकारियों से समन्वय कर उसका निराकरण करें। इस मौके पर कैथल एसडीएम अजय सिंह, नायब तहसीलदार चुनाव सुभाष, कानूनगो राजकुमार मौजूद रहे। संवाद