संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कहीं पोल्ट्री फार्म से उठती दुर्गंध और गंदगी से लोग परेशान हैं तो कहीं मकान के सामने लगा बिजली का पोल परेशानी का कारण बना हुआ है। शहर की कॉलोनियों में आवारा कुत्तों की समस्या और सार्वजनिक शौचालय की जर्जर हालत को लेकर भी लोग अधिकारियों के पास पहुंचे। सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।
एसडीएम संजय कुमार और सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार ने शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। गांव माघो माजरी के एक व्यक्ति सहित अन्य ग्रामीणों ने बाबा लदाना रोड स्थित पोल्ट्री फार्म को बंद करवाने और वहां लगे बड़े पंखों को हटवाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि फार्म से निकलने वाली तेज दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी होती है। उन्होंने इस समस्या से राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग उठाई।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की जांच कर निर्धारित समय सीमा में समाधान किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और लोगों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। इस अवसर पर डीएसपी सुशील प्रकाश, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन यशपाल प्रजापति, अनिल वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-
बिजली का पोल हटवाने के लिए जमा करवा चुके हैं राशि
जनकपुरी कॉलोनी निवासी मिया सिंह ने अपने मकान के सामने लगे बिजली के पोल को हटवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पोल हटवाने के लिए बिजली विभाग में निर्धारित राशि जमा करवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अभी तक पोल नहीं हटाया गया है।
आवारा कुत्तों और जर्जर शौचालय का मुद्दा भी उठा
वार्ड नंबर छह निवासी विक्की सैनी ने अग्रसैन पुरम कॉलोनी और बिशनगढ़ गामड़ी में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने आरके पुरम स्थित सरकारी अस्पताल के पास बने सार्वजनिक शौचालय की जर्जर हालत को लेकर भी शिकायत दी।