संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीवन का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिफ्ट नहीं हो पा रहा है। हालांकि इसके शिफ्ट न होने का मुख्य कारण अभी तक अस्थाई अस्पताल स्थापित करने के लिए जगह नहीं मिलना बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले छह महीने पहले ही अस्पताल का भवन शिफ्ट करने की अनुमति मिली थी। परंतु अब विधानसभा और सीवन नगर पालिका का चुनाव संपन्न होने के बाद भी अस्पताल के भवन की शिफ्टिंग नहीं हो पाई है।
नगर के लोग सरकारी अस्पताल के भवन के निर्माण की लंबे समय से आस लगाए हैं, लेकिन भवन का निर्माण नहीं हो पा रहा है। बता दें कि अब नगर पालिका बनने के बाद भी अस्पताल की यह भूमि सरकारी अस्पताल के नाम पर नहीं हुई है।
पहले तो सरकारी अस्पताल को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करके पुराने अस्पताल को तोड़कर नया भवन बनाए जाने की योजना थी, लेकिन जब लंबा समय बीत जाने ओर कई विकल्पों पर विचार करने के बाद कोई हल नहीं निकला तो यह तय किया है कि अस्पताल को पीछे के क्वार्टरों में शिफ्ट करके आगे का भवन निर्माण किया जाएगा।
नगर निवासी समाजसेवी प्रशांत आनंद ने कहा कि सीवन का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन बहुत पुराना है। यह बहुत खस्ता हाल में है। कई बार छत से लेंटर के टुकड़े भी गिर चुके हैं और अंदर काम करने वाले कर्मचारी भी अपनी जान को जोखिम में डाल कर काम कर रहे हैं।
एडवोकेट गौरव वधवा ने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाला अस्पताल का भवन खुद बीमार है। भवन के निर्माण के लिए मांग की जा रही है पर बार-बार आश्वासन मिलता है कि जल्द निर्माण आरंभ होगा, लेकिन कोई न कोई अड़चन आ जाती है। सरकार व प्रशासन को मिल कर इस समस्या का समाधान करना चाहिए और नए भवन का निर्माण जल्द से जल्द करना चाहिए। सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने कहा कि इस संबंध में भवन शिफ्ट करने के लिए योजना बनाई जा चुकी है। इसके लिए जगह भी चिह्नित भी की गई है। जल्द ही इसे शिफ्ट करवाया जाएगा।