कैथल। कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए गए टीकाकरण अभियान के कारण जिले में महामारी को नियंत्रित करने में भले ही सहायता मिली हो मगर दूसरी ओर इस अभियान के दौरान सामान्य टीकाकरण का कार्य प्रभावित हुआ है। नागरिक अस्पताल में सामान्य टीके लगवाने के लिए गर्भवती महिलाओं और शिशुओं की कतारें लगने लगी हैं। काफी इंतजार के बाद टिटनेस और अन्य टीके लगवाने के लिए महिलाओं और शिशुओं का नंबर आता है।
नागरिक अस्पताल में हर मंगलवार और वीरवार को प्रतिदिन 150 से अधिक महिलाओं और शिशुओं का टीकाकरण किया जाता है। इससे पहले एक दिन में टीका लगवाने वालों की संख्या 80 से भी कम रहती थी। गर्भवती महिलाओं को तो केवल एक ही टीका लगाया जाता है लेकिन शिशुओं को तो कई बार तीन-तीन तरह के टीके एक साथ लगाए जाते हैं। इससे वहां पहुंचने वाले लोगों को कतारों में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार रहता है। उसी जगह पर कोरोना से बचाव के लिए भी लगाए जा रहे टीके-जिस स्थान पर सामान्य टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है, वहीं पर लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीके लगाए जा रहे हैं। यह भी भीड़ होने का एक बड़ा कारण है।
इस संबंध में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आशीष गोयल ने बताया कि शहर के सभी केंद्रों पर सामान्य टीकाकरण का कार्य लगातार जारी है। कोरोना से बचाव के लिए चलाए गए टीकाकरण अभियान से सामान्य अर्थात रूटीन के टीकाकरण पर थोड़ा प्रभाव पड़ा है। उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। जिन शिशुओं और महिलाओं को सामान्य टीके नहीं लग पाए हैं, उन्हें सूचना देकर भी टीके लगवाने के लिए बुलाया जा रहा है।