फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खट्टर ने कैथल के लिए खोला विकास परियोजनाओं का पिटारा

Sat, 24 Oct 2015 11:43 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला कैथ्ाल
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शनिवार को कैथल पर काफी मेहरबान दिखे। यहां हुडा मैदान में आयोजित महर्षि वाल्मीकि जयंती समरता उत्सव में सीएम ने कैथल, कलायत और गुहला-चीका विधानसभा क्षेत्रों में पांच-पांच करोड़ रुपये का अनुदान देने का एलान किया।
विज्ञापन


साथ ही विधायक कुलवंत बाजीगर की मांग पर गुहला-चीका में मुख्य चौक के तीनों ओर दो-दो किलोमीटर तक सड़कों को फोरलेन बनाने के लिए आठ करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार का सबका समान विकास लक्ष्य है। इसी के तहत सरकार द्वारा सभी जिलों में समान विकास का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में हर आदमी की समस्या सुनी जा रही है। समारोह में सीएम ने 25 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।
विज्ञापन


इससे पहले अपने गोद लिए हुए गांव क्योड़क में अपने पहले दौरे में मुख्यमंत्री ने पशु विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर खोलने का एलान किया। भाजपा नेता राव सुरेंद्र सिंह के संयोजन में आयोजित जनसभा और लाला लाजपतराय पशु विज्ञान व पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित पशु मेले में मुख्यमंत्री ने गांव क्योड़क के कोटी-कूट तीर्थ का पांच करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार करवाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कौशल विकास योजना बनाई जा रही है। आज जोत छोटी होती जा रही है। जिस कारण 22 लाख किसानों में से 16 लाख से अधिक किसान ढाई एकड़ से कम के मालिक रह गए हैं। सरकार हर व्यक्ति की आमदन बढ़ाने की योजना बना रही है। प्रदेश में एक लाख युवकों को रोजगार देने के उद्देश्य से चार लाख का निवेश हो रहा है।

गो पालन के लिए गो संरक्षण विधेयक लाया गया है जिसे राष्ट्रपति की मंजूरी मिलना बाकी है। इससे गो हत्या पर रोक लगेगी तथा कोई गो मांस नहीं खाएगा। यहां दूध उत्पादन में प्रदेश को नंबर वन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। डेयरी विकास के तहत मुर्राह नस्ल की भैंसों और देसी सांड़ों के विकास के लिए 29 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की है।

महिलाओं को पशु पालन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। लावारिस पशुओं के लिए हर जिले में 50-50 एकड़ में अभ्यारणय खोले जा रहे हैं। साथ ही इजराइल के साथ समझौता किया गया है, जिसके तहत हिसार में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जा रही है। पशु बीमा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

पशु मेले का अवलोकन
मुख्यमंत्री ने क्योड़क में आयोजित पशु मेले का अवलोकन किया। उन्होंने मेले में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया। यहां स्टॉल पर खड़े जसवंत पठानिया को नाम से पुकारते हुए हालचाल जाना। साथ ही हरियाणवी नस्ल की गायों की जानकारी हासिल की। शुगर मिल का पंडाल देखकर सीएम ने कहा कि अगली बार मिल को लाभ में लेकर आएं। युवाओं को देखकर सीएम ने कहा कि यंग ब्रिगेड ऑफ हरियाणा, जिससे युवाओं में जोश भर गया।

राव सुरेंद्र सिंह द्वारा दी गदा को कंधे पर रखा
कार्यक्रम में भाजपा नेता राव सुरेंद्र सिंह ने सीएम मनोहर लाल खट्टर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला को चांदी की गदा भेंट कीं। साथ ही सांसद राजकुमार सैनी, रतन लाल कटारिया, पशु विश्वविद्यालय के वीसी श्रीकांत शर्मा का अभिनंदन किया। समारोह में मंच संचालन पशु विज्ञान केंद्र के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. राजेंद्र श्योकंद ने किया।

मेले में जानकारी लेने पहुंचे पशु पालक
गांव क्योड़क में आयोजित मेले में प्रदेश भर से पशुपालक जानकारी लेने के लिए पहुंचे। यहां कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, हैफेड, शुगर मिल, मछली पालन सहित कई विभागों के साथ-साथ कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए थे। कृषि वैज्ञानिक ईश्वर कुंडू ने अपने उत्पादों का स्टॉल लगाया तो किसान वैज्ञानिक लछमण सिंह ने 20 फुट से ऊंचे गन्ने, चने के दो पौधे, धान के एक पौधे में 700 बालियों वाले पौधे आकर्षण का केंद्र रहे।

जिला अध्यक्ष राजपाल तंवर के घर पहुंचे सीएम
गांव क्योड़क में पहुंचने पर सीएम सबसे पहले भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल तंवर के घर पहुंचे। जहां उन्होंने भाजपा नेताओं के साथ कार्यक्रम और गांव क्योड़क के विकास के लिए चर्चा की। भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल तंवर ने इसके बाद कार्यक्रम में स्मृति चिह्न देकर सीएम को सम्मानित किया।

हरियाणा की देसी नस्ल सहित गाय की तीन नस्लों का प्रदर्शन
मेले में विश्वविद्यालय द्वारा विकसित हरियाणा की हरधेनू गाय, हरियाणा की साहीवाल व देसी नस्ल की गायों का प्रदर्शन किया गया।

म्हारा सीएम सै बड़ा स्याणा
समारोह में भाजपा नेता रॉकी मित्तल ने सीएम के स्टेज से गाए गाने के साथ खूब वाहवाही लूटी। उन्होंने म्हारा सीएम सै बड़ा स्याणा गाना गाकर भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी।

सास वह जो नोट कमावाए
सोनिया जी हमें भी बता दो कोई रास्ता, समारोह में हरियाणा में जातीय घटनाओं को कांग्रेस की बयानबाजी पर चुटकी लेते हुए सांसद रतन लाल कटारिया ने कहा कि एक फिल्म आई थी कि दुल्हन वही, जो पिया मन भाए। लेकिन वाड्रा जी का मानना है कि सास वही जो नोट कमवाए, वोट देने वाली जनता भाड़ में जाए...।

भीड़ से गदगद दिखे सीएम
महर्षि वाल्मीकि जयंती उत्सव में उमड़ी भीड़ में सीएम भी गदगद दिखे। उन्होंने मंत्री कृष्ण बेदी की पीठ थपथपाई तथा कहा कि समाज को सत्ता में पूरी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। स्वयं सीएम ने कहा कि यह अब तक सबसे बड़ा कार्यक्रम है। कृष्ण बेदी ने अपने संबोधन में कहा कि वाल्मीकि समाज आज भी समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा है। समाज के लोगों के पास घरों का कूड़ा डालने के लिए भी जगह नहीं है। मुख्यमंत्री स्वयं सभी मांगों को पूरा कर देंगे।  

इन परियोजनाओं का उद्घाटन
सीएम ने 5.15 करोड़ की लागत से नवनिर्मित उपभोक्ता फोरम के भवन, 3.5 करोड़ की लागत से सेक्टर 21 में नवनिर्मित सिविल लाइन पुलिस थाने के भवन का उद्घाटन, 1.5 करोड़ रुपये की लागत से ई-दिशा केंद्र के भवन, 50 लाख रुपये की लागत से नगर परिषद भैणी माजरा में गोशाला, 2 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से खुराना रोड के विस्तारीकरण तथा 9 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से कैथल-ढांड रोड को अपग्रेड करने की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

महर्षि वाल्मीकि को पुष्प अर्पित किए
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंचते ही महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह की शुरुआत की। इस मौके पर राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को शाल व महर्षि वाल्मीकि का चित्र भेंट किया। इस अवसर पर प्रभु रतनाकर, पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, पूर्व विधायक राजकुमार वाल्मीकि, बंता राम वाल्मीकि, बनारसी दास, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य, ओएसडी अमरेंद्र सिंह, डीसी के मकरंद पांडुरंग, एसपी कृष्ण मुरारी, एडीसी जितेंद्र कुमार, एसडीएम आरके सिंह, नगराधीश नवीन आहुजा, जिला भाजपा अध्यक्ष राजपाल तंवर, राव सुरेंद्र, धर्मपाल शर्मा, रामपाल पाली, अनिल सौदा, रविंद्र सांगवान, एमएल सारवान, सुरेश कुमार, सत्यवान ढिलोड, जसबीर क्योड़क, शिव राम वाल्मीकि तथा सभा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें