संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला और कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने रविवार को नई अनाज मंडी का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया। सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर तंज कसते हुए कहा, “जिसका ड्राइवर अनाड़ी, वह गाड़ी कैसे चलाएगा? नायब सैनी हेलीकॉप्टर से उतरते हैं, लेकिन किसानों और मजदूरों की मुश्किलें नहीं देख रहे।”
सुरजेवाला ने कहा कि उत्तर और केंद्रीय हरियाणा की मंडियों में धान का किसान 2,389 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी के मुकाबले केवल 400-500 प्रति रुपये क्विंटल नुकसान में बेचने को मजबूर है। दक्षिण हरियाणा की मंडियों में बाजरे का एमएसपी 2,775 रुपये प्रति क्विंटल है, लेकिन नायब सैनी सरकार ने केवल मुँहज़ुबानी घोषणाएं की हैं। 23 सितंबर से 12 अक्तूबर तक एक दाना भी सरकारी खरीद के लिए नहीं लिया गया।
उन्होंने हिसार, भिवानी और अन्य मंडियों का भी हवाला देते हुए बताया कि सरकारी एजेंसियों ने केवल 70 क्विंटल बाजरे की खरीद की, जो आवक का 2 प्रतिशत भी नहीं है। मूंग की सरकारी खरीद नहीं हुई और कपास भी औने-पौने दामों पर बिक रही है। सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर खाद की कालाबाजारी का भी आरोप लगाया। आढ़तियों की आवाज़ उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने आढ़तियों से भी धोखा किया है। पहले आढ़तियों को 2.5% कमीशन मिलता था, जिसे घटाकर 45.88 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया। चुनाव से ठीक पहले इसे बढ़ाकर 55 रुपये किया गया और अब फिर घटा दिया गया। इस अवसर पर सुदीप सुरजेवाला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढांड, रामनिवास मित्तल, अश्विनी शोरेवाला, रज्जी मित्तल, सुरेश गर्ग चौधरी, दीप चंद गर्ग, प्रवीण गर्ग, कमल गर्ग, रिंकू, मनीष सिक्का, जयकिशन मान, राजपाल चहल, राजकुमार बैनीवाल उपस्थित रहे।