संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीएम फ्लाइंग की टीम ने वीरवार को मत्स्य पालन विभाग में दबिश देकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सुबह के समय सीएम फ्लाइंग की टीम पहुंची और करीब तीन घंटे तक लगातार जांच की। टीम में तीन से चार सदस्य शामिल रहे। सदस्यों ने मत्स्य पालन विभाग में सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत दी राशि को लेकर जांच की।
जिला मत्स्य अधिकारी सुरेश पाल नैन ने बताया कि वीरवार सुबह के समय सीएम फ्लाइंग की टीम आई थी। इस टीम ने सरकार की ओर से मत्सय पालन को किसानों को दी जाने वाली विभिन्न योजनाओं की राशि पर जांच की है। इस जांच के तहत ही टीम ने गांवों में तालाबों खुदाई की योजना के तहत पाली जा रही मछलियों पर भी जानकारी ली है। अधिकारी ने बताया कि टीम सरकारी योजनाओं को लेकर सामान्य जांच को लेकर ही पहुंची थी।
करीब तीन घंटे तक जांच करने के बाद यह टीम वापस लौट गई। बताया जा रहा है सीएम फ्लाइंग की टीम कुछ रिकॉर्ड भी अपने साथ ले गई है। हालांकि मौके पर कोई भी खामी नहीं मिल पाई है।
औचक निरीक्षण के दौरान सीएम फ्लाइंग की टीम में उप निरीक्षक पवन कुमार शामिल रहे। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सुरेश पाल
जिला मत्स्य अधिकारी मौके पर मिले। उन्हें साथ लेकर कार्यालय का हाजिरी रजिस्टर चेक किया। इसमें कुल आठ कर्मचारी थे जिसमें महिला कर्मचारी मेटरनिटी लिव गई थी और अन्य सात कर्मचारी हाजिर मिले।
रिकॉर्ड के अनुसार आमजन को दी जाने वाली योजनाओं बारे जानकारी प्राप्त की। वित्तीय वर्ष 2023/24 के दौरान प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना व अनुसूचित जाति परिवार उत्थान योजना के तहत किसी भी प्रकार का लोन का कोई भी आवेदन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के व बैंक के माध्यम से प्राप्त नहीं हुआ और किसी भी आवेदक द्वारा लोन के लिए कार्यालय में संपर्क नहीं किया।