संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। बीडीपीओ कार्यालय चीका में वीरवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने दबिश दी। इस दौरान टीम ने कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर व अन्य रिकॉर्ड को जांचा। इस कार्यवाही का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग के डीएसपी राजदीप सिंह ने किया। ॉ
जांच के बाद डीएसपी राजदीप सिंह ने बताया कि सरकार को सूचना मिल रही थी कि चीका बीडीपीओ कार्यालय के कर्मचारी समय से ड्यूटी पर नहीं आते और अक्सर गैरहाजिर रहते हैं। जिससे आमजन के कार्य बाधित हो रहे और जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ समय रहते नहीं मिल पाता।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि कार्यालय में सीएम विडों से संबंधित 100 शिकायतें लंबित पड़ी है, जिनमें से 87 शिकायतें ऐसी हैं, जिनका जवाब देने का समय निकल चुका है। उन्होंने बताया कि इसकी रिपोर्ट बना उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। दबिश के दौरान कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर की जांच की, जिनमें से एक एसडीओ, एक जेई व चार अन्य कर्मचारी ऐसे मिले। जिनकी ना तो रजिस्टर में हाजिरी लगी थी और ना ही हलचल रजिस्टर में उनकी मूवमेंट के बारे में कुछ दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि कुछ अधिकारियों की ड्यूटी फील्ड में रहती है व कुछ के पास दो जगहों का चार्ज रहता है ऐसे में ये कर्मचारी कहां थे इसके बारे में भी रिपोर्ट बना उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगा। दबिश की सूचना पर हड़कंप रहा। इस मौके पर सब इंस्पेक्टर पवन कुमार, एएसआई खुशी राम व कांस्टेबल भगवान सिंह भी शामिल थे।
बीडीपीओ के न होने से बाधित हो रहे काम
चीका कार्यालय में बीडीपीओ के ना होने से सीएम विंडो की शिकायतों सहित अन्य काम प्रभावित हो रहे है। टीम की दबिश के दौरान मिली जानकारी के अनुसार 17 फरवरी को बीडीपीओ राजबीर सिंह का तबादला हुआ था। उसके बाद दो तीन बीडीपीओ आए और चले गए। जानकारी अनुसार वर्तमान में जो बीडीपीओ यहां पर तैनात है उन्होंने पिछले सप्ताह ज्वाइन किया था, लेकिन इस बीच वे एक दिन ड्यूटी करने के बाद निजी कारणों से छुट्टी पर चली गई, जिसके चलते कार्यालय के काम बाधित हो रहे हैं।