संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों को समय से पहले ही गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को आसमान में बादलों की आवाजाही से अधिकतम तापमान में भले ही करीब दो डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन धूप की तपिश से लोगों को राहत नहीं मिली। आलम यह है कि मार्च में लोगों को अप्रैल जैसी चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को दिनभर आसमान में हल्के बादलों की लुका-छिपी जारी रही। हालांकि उमस और गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. रमेश चंद्र वर्मा के अनुसार फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।
दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। न्यूनतम तापमान बढ़कर 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। सुबह और शाम की हल्की ठंड लगभग समाप्त हो चुकी है और लोग अब पंखे व एसी का सहारा लेने लगे हैं। आमतौर पर इस तरह की गर्मी अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में देखने को मिलती है, लेकिन इस बार मार्च के मध्य में ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार यदि आने वाले दिनों में बारिश नहीं होती है तो तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल बादलों की लुका-छिपी के बीच तेज धूप और उमस का दौर जारी रहने की संभावना है।