संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत कलायत नगर पालिका ने सोमवार को वार्ड नंबर 15 और 16 में विशेष घर-घर कचरा संग्रहण अभियान की शुरुआत की। इसका उद्देश्य नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में एकत्र करने और डोर-टू-डोर कचरा वाहन में भी अलग-अलग डालने के प्रति जागरूक करना है।
अभियान की शुरुआत नगर पालिका प्रधान अंकित जैलदार, पार्षद प्रतिनिधि अनिल कंसल, राजीव यादव, सफाई दरोगा सोम प्रकाश शर्मा, पालिका कोऑर्डिनेटर सुरेश चहल और डोर-टू-डोर सफाई टीम के सदस्यों ने की। उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उन्हें स्वच्छता के महत्व और कचरे को सही तरीके से अलग करने के लाभों की जानकारी दी।
प्रधान अंकित जैलदार ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में कलायत की रैंकिंग बेहतर करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नगर पालिका के इस प्रयास में पूर्ण सहयोग दें और अपने घरों से निकलने वाले कचरे को श्रेणीबद्ध करके सौंपें। यह कदम न केवल शहर को स्वच्छ बनाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान जल्द ही नगर पालिका के अन्य वार्डों में भी चलाया जाएगा।