कैथल। नालों की समस्या पर ‘अमर उजाला’ में लगातार खबरों को देखकर डीसी डा. संगीता तेतरवाल ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने जनस्वास्थ्य व नगर परिषद अधिकारियों को नालों व सीवरेज की सफाई के निर्देश दिए। मंगलवार से दोनों विभागों ने नालों की साफ-सफाई का काम तेजी से शुरू कर दिया है। जनस्वास्थ्य विभाग में एसडीओ कर्ण बहल ने बताया कि मानसून शुरू होने से पूर्व शहर के सभी नालों की सफाई करा दी जाएगी। नालों की सफाई के लिए कर्मचारी जुट गए हैं। जल्द ही मानसून से पहले नाले साफ कर दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि छोटे-बड़े नालों की सफाई के लिए करीब लाख रुपये का बजट जिला प्रशासन की तरफ से निर्धारित किया गया है। शहर में गंदगी से अटे नाले, ओवरफ्लो सीवरेज व ड्रेनों में गंदगी की समस्या पर ‘अमर उजाला’ ने नौ जून से 13 जून तक समाचार प्रकाशित किए थे। शहर की कॉलोनियों व मुख्य मार्गों पर पॉलिथिन, बोतल व कई जगह कूड़ा कचरा डला हुआ है। इससे आसपास की कॉलोनी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नालों की सफाई न होने से बारिश होने पर दिक्कतें बढ़नी तय थीं लेकिन अब सफाई शुरू हो जाने पर लोगों ने राहत जताई।
शहरवासी संदीप, राजेंद्र, रामनिवास, रणधीर व रणपत का कहना है कि अब नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। बरसात से पहले लोगों को पानी निकासी होने की उम्मीद जगी है। नगर परिषद ईओ कुलदीप मलिक ने बताया कि परिषद के अधीन आने वाले सभी नालों की साफ-सफाई का काम तेजी से शुरू करवा दिया गया है। सेनिटेशन शाखा के कर्मचारी नालों की सफाई कर रहे हैं। जल्द ही सभी नालों की साफ-सफाई का काम पूरा हो जाएगा।
यहां पर होता है जलभराव
बरसात के समय में पिहोवा चौक, करनाल रोड, भगत सिंह चौक, ढांड रोड, अंबाला रोड, न्यू करनाल रोड, देवीगढ़ रोड, जींद रोड, नए बस स्टैंड के नजदीक, जनकपुरी कॉलोनी, मायापुरी कॉलोनी, हिंदू स्कूल के नजदीक, माता गेट, भगत सिंह चौक, सब्जी मंडी सहित कई जगह पर बरसात के समय नाले व सीवरेज ओवरफ्लो हो जाते है। राहगीरों को यहां से आने- जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।