संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। प्रदेश सरकार के निर्देश पर नगर पालिका प्रशासन ने शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नालों की व्यापक स्तर पर सफाई कराई जा रही है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को कोई परेशानी न हो।
अभियान के दौरान आधुनिक मशीनों के साथ-साथ सफाई कर्मचारियों की टीम को भी सक्रिय रूप से लगाया गया है। नालों में जमा गंदगी, प्लास्टिक और अन्य अवरोधों को हटाकर पानी के सुचारु प्रवाह को सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे जलभराव की समस्या में काफी हद तक कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
सफाई अभियान की निगरानी कर रहे सुपरवाइजर सोम प्रकाश शर्मा ने बताया कि यह अभियान उच्च अधिकारियों के निर्देश पर तेजी से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सचिव पवन कुमार के मार्गदर्शन में पूरी टीम समर्पण के साथ कार्य कर रही है।
नगर पालिका की टीमें प्रमुख नालों के साथ-साथ छोटी गलियों और मोहल्लों में भी विशेष ध्यान दे रही हैं। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे बारिश के दौरान शहर को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।