कैथल। दिव्य नगर योजना के तहत अब जल्द ही शहर का सौंदर्यीकरण होगा। इसके तहत अब शहर के बीच में स्थित मुख्य मार्गों को चुना जाएगा। इसके लिए जल्द ही योजना बनाई जाएगी।
इसके तहत इन मार्गों पर लाइटों, सफाई और पानी निकासी की समस्या का समाधान होगा। योजना के तहत शहर में करीब चार करोड़ रुपये की लाइटें भी लगाई जाएंगी। पानी निकासी के लिए भी मुख्य मार्गों के दोनों तरफ रास्ते पक्के होंगे। इस योजना के तहत जल्द ही नए सिरे से सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले इससे पहले शहर में तिरंगा लाइटें लगा शहर की शोभा बढ़ाई गई है।
इससे पहले पिहोवा चौक पर लगाए जा चुके हैं पॉम ट्री
शहर के सौंदर्यीकरण के तहत इससे पहले पिहोवा चौक पर डिवाइडर के बीचों-बीच आठ पाम ट्री लगाए गए थे। इन्हें ट्रायल के तौर पर लगाया था। अब शहर के अंबाला, ढांड व करनाल रोड पर बने डिवाइडरों के बीच में सौंदर्यीकरण को लेकर 600 पॉम ट्री लगाने की योजना है। इस पर कार्य भी चल रहा है।
मूलभूत सुविधाएं देना ही उद्देश्य
नगर परिषद की तरफ से दिव्य नगर योजना के तहत लोगों को मूलभूत सुविधाएं देना ही उद्देश्य है। इससे पहले इस योजना के तहत अवैध कॉलोनियों को भी वैध किया गया है। इसके तहत 20 कॉलोनियों को सरकार ने वैध किया है। अब जल्द ही 13 और अवैध कॉलोनियों को भी वैध किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। उम्मीद है कि यह कॉलोनियां भी जल्द वैध हो जाएंगी।
शहर में दिव्य नगर योजना के तहत सौंदर्यीकरण किया जाना है। इसके लिए सरकार के आदेशों पर मुख्य मार्गों का चयन किया जाना है। पहले इस योजना के तहत मुख्य मार्ग की जानकारी भेजी गई थी, लेकिन अब सरकार ने इसको लेकर दोबारा से प्रस्ताव मांगा है। इस प्रस्ताव के तहत ही अब और मुख्य मार्गों का विवरण सरकार के पास भेजा जाएगा। इस योजना के तहत कार्य होने के बाद सौंदर्यीकरण तो होगा ही, बल्कि लोगों की कुछ समस्याओं का निदान भी होगा। -रवि ऑबराय, एक्सईएन, नगर परिषद