फिरौती के लिए फायरिंग की घटना के बाद वीरवार को पुलिस अलर्ट नजर आई। पुलिस सादी वर्दी के साथ साथ वर्दी में पुलिस कर्मी गश्त करते दिखाई दिए। बुधवार को व्यापारियों द्वारा कुछ दिन पूर्व बगैर नंबर की बाइक से 3 युवकों द्वारा हवाई फायर किए जाने की शिकायत के बाद नगर में घूम रहे बगैर नंबर की मोटरसाइकिल सवारों व मनचलों पर लगाम कसने के लिए एसडीएम संजय कुमार व डीएसपी सुनील कुमार से गुहार लगाई थी। वीरवार को पुलिस द्वारा टीम गठित कर कैंची चौक और पुराने नगरपालिका कार्यालय के बाहर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान पुलिस द्वारा कुछ बगैर नंबरों की बाइकों को भी पकड़ा गया। थाना प्रभारी जयवीर ने बताया कि नगर के लोगों द्वारा सडक़ों पर बगैर नंबर के मोटरसाइकिल पर घूमने वाले कुछ मनचलों के घूमने की शिकायत मिली थी। सुबह से ही अलग-अलग चौक चौराहे पर टीम गठित कर वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट न लगी होने पर तीन मोटरसाइकिलों को इंपाउंड किया गया है तथा करीब दर्जन भर बाइक सवार युवकों के चालान किए गए हैं।