दम घोंट गहरे काले स्मॉग की वजह से दिन भर लोगों को भारी परेशानियों रहीं। पूरे क्षेत्र में धुएं की एक चादर इस कदर फैली रही कि दिनभर सूर्य देवता के दर्शन भी नही हो पाए। स्मॉग की वजह से लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत हो रही है। पंजाब क्षेत्र से धुआं बहुत ही ज्यादा मात्रा में आता दिखाई दिया हालांकि हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में लोगों ने आग लगाकर इस धुएं को फैलाने में अपना अहम योगदान दिया। लोगों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह के वायु प्रदूषण के कारकों को उत्पन्न होने से पहले ही रोक लिया जाए। धुआं चाहे पराली के अवशेष जलाने से उत्पन्न हो, पटाके जलाने से उत्पन्न हो या फिर गीला कूड़ा कचरा जलाने से उत्पन्न हो हर सूरत में खतरनाक है किसी भी जरूरत में प्लास्टिक, पराली न जलाएं ताकि परिवारों का भविष्य व स्वास्थ्य इस धुएं की वजह से खतरे में न पड़े।
धुएं के कारण सड़कों पर दोपहिया वाहनों पर चलते चालक बहुत परेशान दिखे। राहगीरों ने बताया कि धुएं की वजह से आंखों में बहुत तेज जलन होती है व गला खराब हो रहा है ओर संास लेने में दिक्कतें आ रही हैं। राहगीरों ने कहा कि यदि दो-चार दिन ऐसा ही माहौल रहा तो लोग बाजारों में अपने जरूरी काम के लिए भी नही निकलेंगे।