कैथल। लंबे समय के बाद सिटी बस सेवा और महिलाओं के लिए स्पेशल बस सोमवार को शुरू हो गई। सिटी बस न होने के कारण शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में पढ़ने वाली छात्राओं, छात्रों और आम लोगों को बस स्टैंड से संस्थान तक व शहर में पैदल ही जाना पड़ता था। ऑटो में जाते थे तो उन्हें अधिक किराया देना पड़ता था। समय समय पर अमर उजाला ने आम लोगों व छात्राओं की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। सोमवार को आखिरकार यह सब सेवा शुरू हो गई।
सिटी बस का रूट चंदाना गेट से शुरू होकर विभिन्न चौक होते हुए बस स्टैंड तक निर्धारित किया गया। वहीं महिलाओं की स्पेशल बस चंदाना गेट, प्रताप गेट, सीवन गेट, अर्जुन नगर, खुराना रोड, विश्वकर्मा चौक, आरकेएसडी कॉलेज, पिहोवा चौक, आईजी कॉलेज, जाट कॉलेज, लघु सचिवालय, बस अड्डा, आंबेडकर कॉलेज पहुंचेगी। वह शिक्षण संस्थाओं में समय से पहुंच सकेंगी।
सोमवार को विधायक लीला राम, डीसी प्रदीप दहिया और रोडवेज महाप्रबंधक अजय गर्ग ने बस को हरी झंडी दिखाई। विधायक ने नारियल फोड़कर बस का शुभारंभ किया। डीसी ने कहा कि लोकल बस सर्विस छात्राओं के लिए निशुल्क रहेगी, जबकि अन्य यात्रियों को नाममात्र किराया देना पड़ेगा जोकि ऑटो रिक्शा से करीब करीब आधा होगा। बस सेवा निरंतर चलती रहे, तेल इत्यादि का खर्चा निकलता रहे, इसलिए नाममात्र किराया लेने की व्यवस्था की गई है, जबकि पासधारक छात्राओं के लिए निशुल्क बस सेवा रहेगी। डीसी ने कहा कि जो छात्राएं पास धारक हैं, उनको निशुल्क यात्रा सुविधा मिलेगी, जबकि अन्य को नाम मात्र किराया देना पड़ेगा। जीएम रोडवेज को निर्देश देते हुए कहा कि छात्राओं के शिक्षण संस्थानों की समय सारणी को देखते हुए बस सेवा निरंतरता में चलती रहनी चाहिए। महाप्रबंधक अजय गर्ग ने विधायक और डीसी को रूट चार्ट और निर्धारित कार्यों की जानकारी दी। लोकल बस सर्विस का शून्य से पांच किलोमीटर तक पांच रुपये, छह किलोमीटर से 10 किलोमीटर तक 10 रुपये और 11 से 15 किलोमीटर के 15 रुपये सरकार की हिदायतों के अनुसार निर्धारित किया गया है।