शहर में सिटी बस सर्विस फिर से शुरू करवाए जाने की मांग को लेकर स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले विद्यार्थियों ने प्रदर्शन कर डीसी को ज्ञापन दिया। इससे पूर्व लघु सचिवालय के पास युवाओं को संबोधित करते हुए जिला संयोजक गौरव शर्मा व सह संयोजक शैलेंद्र ने कहा कि जिला प्रशासन शहर में पढ़ने के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं के हितों की अनदेखी कर रहा है और प्रशासन उन्हें किसी भी प्रकार की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है।
हरियाणा सरकार प्रदेश को नंबर-वन बनाने के दावे कर रही है। आज भी शहर में सिटी बस नहीं चलाई गई है जिस कारण छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शन के बाद लघु सचिवालय के पार्क में एसएफआई ने बैठक कर प्रशासन को 10 मार्च तक का समय दिया है। यदि 10 मार्च तक इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 11 मार्च को बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उनकी प्रमुख मांगों में सभी शिक्षण संस्थानों के लिए नए बस अड्डे से सिटी बस सर्विस शुरू की जाए। जिला मुख्यालय पर छात्र-छात्राओं के लिए रियायती दरों पर सरकारी छात्रावास का प्रबंध किया जाए, बंद पडे़ छात्रावास खुलवाए जाएं।
शहर से सात किलोमीटर दूर जगदीशपुरा में स्थित अंबेडकर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए बसों का प्रबंध किया जाए। कर्मचारी नेता जरनैल सिंह व सरदारा राम ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया। इस अवसर पर मंजीत, किरण, पूनम, शाहीन, नीरू, शैलेंद्र, सुरेंद्र, विजय, पवन, विक्रम, पवन कुमार, सोनू, रुस्तम सैनी व अंबेडकर कॉलेज, जाट कॉलेज, आरकेएसडी कॉलेज के विद्यार्थियाें ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।