कैथल/परवाणू (सोलन)। परवाणू पुलिस ने सेब मंडी परवाणू के समीप कार्रवाई करते हुए हरियाणा के एक युवक को 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि परवाणू सेब मंडी के समीप पैरापिट के पास एक युवक चिट्टा बेचने की फिराक में है और यदि तुरंत कार्रवाई की जाए तो उसे भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ दबोचा जा सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक निवासी गांव बड सीकरी, डाकखाना व तहसील कलायत, जिला कैथल, हरियाणा के रूप में हुई है।आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से पड़ताल कर रही है। संवाद