दीपावली पर चाइनीज सामान को लेकर पहले से ही सोशल साइट्स पर विरोधी लहर चल रही है। अब आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार सहित डीसी कैथल ने भी जनता से अपील की है कि वे दीपावली के अवसर पर स्वदेशी सामान खरीदने को तवज्जो दें। ताकि गरीब के घर भी रोजी-रोटी का जुगाड़ हो सके। बाजार में चाइनीज सामान को लेकर लोगों की बेरुखी अब स्पष्ट नजर आ रही है। वहीं दुकानदारों का कहना है कि उनके पास पिछले साल का स्टॉक है। जिस कारण इसे बेचना उनकी मजबूरी है।
चाइनीज समान से लोगों का मोह भंग, दुकानदारों को सता रहा है घाटे का डर
पाकिस्तान की मदद के लिए आगे आए चीन के सामान को लेकर लोगों में इस बार विरोध नजर आ रहा है। बाजार में चाइनीज सामान बेचने वाली दुकानों पर ग्राहक कम ही नजर आ रहे हैं। चाइनीज सामान की मांग कम है। जो सामान बिक रहा है, दुकानदारों के पास पिछले सालों का या फिर पहले से ऑर्डर किया जा चुका सामान है।
दुकानदार अनुपमा बंसल ने कहा कि मांग पिछले वर्ष के मुकाबले कम है। दुकानदार अब चाइनीज समान पर पैसा लग चुका हैं, अबकी बार उन्हें काफी घाटा होने का भी डर सता रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को समय रहते ही लोगों को जागरूक करना चाहिए परंतु लोगों को अपने देश की वस्तुओं को तवज्जो देनी चाहिए जिससे भारत का पैसा बाहर खराब न हो।
ग्राहकों का रुझान काफी कम
दुकानदार राकेश ने बताया कि इस बार चाइनीज वस्तुओं को लेकर ग्राहकों का रुझान काफी कम है। दूसरी ओर चीन के समान का रेट भी बहुत अधिक है। लेकिन सरकार को इन वस्तुओं की खरीददारी को लेकर भी कड़े कदम उठाने चाहिए जिससे लोगों में जागरूकता बढ़े।
चाइनीज की वैरायटी अधिक इसलिए सेल
ग्राहक शांतनु ने बताया कि चाइनीज समान की वैरायटी अधिक होने के कारण मार्केट अधिक है लेकिन ऐसी बात नहीं है कि भारत में बनी वस्तुओं को ग्राहक नहीं खरीदना चाहता। दूसरा कारण यह भी है कि चीन का माल सस्ता होता है परंतु यह जल्दी खराब होने वाला भी है ।
सबसे पहले देशभक्ति
ग्राहक नीरू ने कहा कि सबसे पहले देशभक्ति है उसके बाद और कोई चीज। रुपये कोई मैटर नहीं। उन्होंने कहा कि वह अपने देश हित को देखते हुए चाइना मेड समान नहीं खरीदेंगी। चाइनीज माल की मार्केट में मांग ज्यादा है लेकिन इसकी गुणवत्ता काफी कम है।
ग्राहक आशीष गुप्ता ने बताया कि चीन लगातार पाकिस्तान का साथ दे रहा है, जो काफी गलत है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले सरकार को इस बारे में ध्यान देना चाहिए और चाइनीज वस्तुओं को भारत में आने से रोक लगानी चाहिए।
एक अन्य दुकानदार ने कहा कि अकेले कैथल में सभी प्रकार का करीब 50 करोड़ से ज्यादा का स्टॉक है। जिसमें दुकानदारों का बड़ा नुकसान हो सकता है।
आरएसएस नेता का आह्वान, स्वदेशी अपनाएं
शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता इंद्रेश कुमार ने कहा कि दीपावली के अवसर पर दीप, लड़ियां व अन्य सामान यदि हम अपने ही देश का बना हुआ खरीदेंगे तो देश में लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसी का विरोधी होने की बजाए हम केवल अपने देश के प्रति प्रेम का इजहार कर रहे हैं। इसलिए चाइनीज सामान की बजाए हम अपने देश के बने हुए दीप व अन्य सामान खरीदें। ताकि गरीब के घर में रोजगार रूपी दीये से रोशनी हो सके। उन्होंने कहा कि इससे पूरे देश में 3 से 4 करोड़ लोगों को रोजगार मिलेगा।
वहीं डीसी रविप्रकाश गुप्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे दीपावली पर स्वदेशी अपनाएं। ताकि देश के लोगों को रोजगार मिल सके। स्वदेशी को बढ़ावा मिलेगा तो रोजगार बढ़ेगा। दीपावली पर ऐसी जगह से खरीददारी करें, जहां से उस सामान को बेचने वालों के घर में भी दीपावली मनाई जा सके।