संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उपायुक्त अपराजिता के सख्त निर्देशों के बाद चिल्ड्रन पार्क और जवाहर पार्क में सफाई व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है, लेकिन मीडिया सेंटर की स्थिति अब भी बदहाल बनी हुई है। मुख्य द्वार पर पेंटिंग करने के बाद पीछे का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया है।
उपायुक्त ने 25 फरवरी को चिल्ड्रन पार्क और जवाहर पार्क का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। इसी दौरान मीडिया सेंटर में रंगाई-पुताई और मरम्मत कार्य भी तत्काल करने को कहा गया था।
निर्देशों के बाद नगर परिषद द्वारा पार्क में सफाई व्यवस्था में सुधार किया गया है। शौचालयों की स्थिति बेहतर हुई है, कचरा उठान नियमित किया जा रहा है और सौंदर्यीकरण से जुड़ी साइटों की साफ-सफाई भी लगातार जारी है। पार्क स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण पर करीब 48 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं और कार्य प्रगति पर है।
नगर परिषद के ईओ संदीप सोलंकी के अनुसार, मीडिया सेंटर के पीछे के सुनसान क्षेत्र में भी सफाई कराई गई है और पेड़ों की कटाई-छंटाई करवाई गई है। हालांकि, मौके पर जांच में मीडिया सेंटर की पिछली साइड की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। प्रवेश द्वार को छोड़कर बाकी हिस्से में रंगाई-पुताई का कार्य अधूरा पड़ा है।उपायुक्त ने नगर परिषद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मीडिया सेंटर में रंगाई-पुताई और मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, लेकिन अब तक यह कार्य पूर्ण नहीं हो सका है।