कैथल। जम्मू-कश्मीर में गांधीनगर स्थित टीचर्स ऑडिटोरियम में नचले इंडिया सीजन-सात में लव डांस अकादमी के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता स्कूल स्पोर्ट्स एंड कल्चर एक्टिविटी फेडरेशन ऑफ इंडिया एसोसिएशन ने 26 और 27 अगस्त को हुई थी।
अकादमी संचालक लव शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब और जम्मू सहित अनेक राज्यों के करीब 260 बच्चों ने हिस्सा लिया। इसमें कैथल की लव डांस अकादमी के 20 बच्चों ने भी भाग लिया और अपनी नृत्य की प्रस्तुति में पूरा दमखम दिखाया। इन बच्चाें ने 13 स्वर्ण, छह रजत और एक कांस्य पदक झटके। अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर बच्चों ने कैथल व हरियाणा का नाम रोशन किया। इस कार्यक्रम में एसपी कुलदीप हांडा, ममता शर्मा, पूजा निझावन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर और पदक पहनाकर सम्मानित किया।