संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के सेक्टर-20 स्थित लायंस क्लब कैथल की ओर से शनिवार सुबह 11 बजे होली पथ विशेष शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए एक विशेष टैलेंट शो एवं जूडो–कराटे प्रदर्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में कुल 21 दिव्यांग बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और अदम्य साहस का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ जूडो और कराटे जैसे आत्मरक्षा कौशलों का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने यह स्पष्ट कर दिया कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर दिव्यांग बच्चे भी किसी से कम नहीं होते। हर प्रस्तुति में बच्चों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मनिर्भर बनने की भावना साफ तौर पर दिखाई दी, जिससे उपस्थित दर्शक भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और नगरवासियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की। सभी ने एक स्वर में माना कि इस प्रकार के आयोजन न केवल दिव्यांग बच्चों के आत्मविश्वास को नई उड़ान देते हैं, बल्कि समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता भी विकसित करते हैं।
लायंस क्लब कैथल सेंट्रल के प्रधान लायन प्रवेश बंसल ने कहा कि लायंस क्लब दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता को लेकर निरंतर कार्य करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी क्लब इस प्रकार के सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को लगातार आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप नाश्ता, नकद उपहार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। लायंस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य, अभिभावक आदि उपस्थित रहे।