संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गणतंत्र दिवस के समारोह के लिए जोरदार तैयारी चल रही है। पुलिस लाइन में स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने के लिए अभ्यास में जमकर पसीना बहा रहे हैं। प्रशासन भी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटा है ताकि यह दिन यादगार तरीके से मनाया जा सके।
गौरतलब है कि 18 जनवरी को पीएम श्री राजकीय कन्या विद्यालय जाखौली अड्डा में जिला शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट की उपस्थिति में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल संपन्न हुई थी। अब पुलिस लाइन मैदान में सुबह और शाम के समय विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों विद्यार्थी और उनके प्रशिक्षक मिलकर मास पीटी शो, बैंड, डंबल, लेजियम और रिंग डील जैसी गतिविधियों का अभ्यास कर रहे हैं। ठंड के बावजूद विद्यार्थी इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सुबह-शाम मेहनत कर रहे हैं।
जिला खेल एईओ रमेश चहल ने बताया कि विद्यार्थी और प्रशिक्षक आयोजन को भव्य बनाने के लिए पिछले कई दिनों से कड़ी मेहनत कर रहे हैं। पुलिस लाइन मैदान में ठंड के बीच चल रहे अभ्यास सत्र में विद्यार्थियों का जोश और समर्पण देखते ही बनता है। जिले के 17 सरकारी और निजी स्कूलों के आठवीं से 11वीं कक्षा तक के लगभग 2200 विद्यार्थी इस अभ्यास में भाग ले रहे हैं।
इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय कन्या स्कूल गीता भवन, राजकीय कन्या स्कूल जाखौली अड्डा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पट्टी अफगान, राजकीय उच्च विद्यालय नं. 4, जाट स्कूल, जाट शाइनिंग स्टार, आईजी स्कूल, हिंदू कन्या स्कूल, हैरिटेज इंटरनेशनल स्कूल, इंडस स्कूल, दर्शन अकादमी स्कूल, आरकेएसडी स्कूल, डीएवी पुलिस स्कूल, जीटीबी खालसा स्कूल, लिटल फ्लावर स्कूल, और नरड़ांचल स्कूल के विद्यार्थी शामिल हैं।
एईओ रमेश चहल ने बताया कि 16 और 17 जनवरी को सभी विद्यार्थियों ने अपने-अपने स्कूलों में इसका अभ्यास किया। इसके बाद 18 जनवरी से लगातार पुलिस लाइन मैदान में सुबह और शाम के समय अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को मास पीटी शो, बैंड, डंबल, लेजियम और रिंग डील की गतिविधियों में बारिकियां सिखाई जा रही हैं।
गुरुवार को सुबह 9,30 बजे से 12 बजे तक पुलिस लाइन मैदान में विद्यार्थियों ने कई बार अभ्यास किया। जिला एईओ रमेश चहल ने मंच से प्रतिभागियों की गतिविधियों पर नजर रखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विभिन्न स्कूलों के प्रशिक्षक भी विद्यार्थियों को प्रेरित करने और सहयोग देने में सक्रिय रहे।
रिफ्रेशमेंट की कमी से निराशा ः रिहर्सल के बाद कुछ विद्यार्थियों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि वे सुबह से ही लगातार अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा िक रिहर्सल के बाद रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था न होने से निराशा हो रही है। कुछ बच्चों को केवल एक बिस्कुट का पैकेट ही दिया गया, जबकि उन्हें फल या अन्य पोषण सामग्री मिलने की उम्मीद थी। विद्यार्थियों ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार रिफ्रेशमेंट की गुणवत्ता में कमी आई है। इससे उनमें नाराजगी और निराशा देखी गई।