संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहीद गिरधारी लाल स्कूल, सीवन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर खंड स्तरीय योगाभ्यास की फाइनल रिहर्सल में शुक्रवार को लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बड़ों के साथ बच्चों ने भी स्वस्थ रहने के लिए योगाभ्यास किया।
यह कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी अनिल छाबड़ा व बीडीपीओ नेहा के मार्गदर्शन तथा प्रधानाचार्य सुदर्शन शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ। सुबह से ही छात्रों, शिक्षकों, योग साधकों और योग प्रेमियों का विद्यालय में पहुंचने का अच्छा रुझान देखा गया। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग योगाभ्यास में शामिल हुए।
रिहर्सल निर्धारित समय पर शुरू हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक व पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र भी उपस्थित रहे। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक ने योगासन से रिहर्सल की शुरुआत की और अंत में प्राणायाम कराकर योग सत्र का समापन किया।
विद्यालय परिसर की सफाई नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की मदद से की गई, और बैठने की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी। योग शिक्षक सतविंदर जी ने कहा कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक समस्याओं के निवारण में भी अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि जब चिकित्सा पद्धतियाँ असफल हो जाती हैं, तब योग कई बार जीवन की दिशा बदल देता है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने स्टाफ मीटिंग लेकर आगामी 21 जून को विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के खंड स्तरीय आयोजन के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पूरा स्टाफ इस दिन विद्यालय में उपस्थित रहेगा।