संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य मांगे राम ने वीरवार को सिविल अस्पताल कैथल का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेनू चावला, बाल कल्याण समिति कैथल के चेयरमैन भीम सैन अग्रवाल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी शशि बाला, प्रोटेक्शन ऑफिसर राजबीर सिंह, पीपीओ सुनीता और श्रम विभाग के एएलसी राजेश कुमार मौजूद रहे।
बैठक में बाल संरक्षण एवं कल्याण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। आयोग सदस्य ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी में रह रहे बच्चों की मेडिकल एग्जामिनेशन रिपोर्ट समय पर तैयार की जाए। इसके साथ ही जिले के चिल्ड्रन बेस रिसोर्स सेंटर को शीघ्र उन्नत करने पर बल दिया गया। सदस्य मांगे राम ने सिविल अस्पताल में पोक्सो पीड़ित बच्चों के लिए ‘चाइल्ड फ्रेंडली रूम’ बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि पीड़ित बच्चों को परामर्श और उपचार की सुविधा सुरक्षित व अनुकूल माहौल में मिल सके। सीएमओ डॉ. रेनू चावला ने आश्वासन दिया कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे।