कैथल। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने वीरवार को जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम के साथ शहर में कई स्थानों पर खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। इस दौरान टीम ने इंस्पेक्टर राजदीप की अगुवाई में छात्रावास रोड पर दबिश देकर दो ऑयल मिल में सरसों के तेल के चार सैंपल लिए। जबकि जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने अन्य स्थानों पर पहुंचकर 10 सैंपल लिए। इन सभी 12 सैंपलों को करनाल स्थित प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि सभी जगहों से 12 सैंपल लिए गए हैं। इसमें से दो जगहों पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि होटल में बनाई गई सब्जियों, किरयाने की दुकान में बंद घी के पैकेट, डायरी में दूध व देसी घी के सैंपल लिए गए। उन्होंने बताया कि ये निरीक्षण प्रशासन के आदेशों पर किया गया है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि सभी खाद्य पदार्थ ढक कर रखें व कटे हुए फल न बेचे, मिठाई को ढक कर रखें, फलो, सब्जियों, एवं जूस आदि की रेहडि़यों को मिट्टी, धूल व मक्खियों से बचा कर रखें। अगर कोई भी दुकानदार खुले में रखे खाद्य पदार्थ कटे हुए फल, गले सडे़ व दूषित खाद्य पदार्थ बेचता हुआ पाया गया तो उन सभी खाद्य पदार्थों को नष्ट करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब लगातार जारी रहेगा। मिलावट मिली तो ठोस कार्रवाई लगातार की जाएगी।