गुहला चीका। चीका-पिहोवा और आसपास के मार्गों की बदहाल हालत और गहरे गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे परेशान होकर भारतीय किसान यूनियन चढूनी और स्थानीय लोगों ने प्रशासन को जगाने के लिए खुद सड़क पर गटका व मलबा डाला है। प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान न निकाले जाने के कारण किसानों ने यह कदम उठाया। सड़क पर दो-दो फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं, जो आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं।
वीरवार को भारतीय किसान यूनियन चढूनी के प्रदेश उपाध्यक्ष चमकौर बनेड़ा, युवा जिला महासचिव लखविंदर किंद्र, जिला उपाध्यक्ष केवल सदहरेडी, आईटी सेल प्रभारी जरनैल जैली ने अपने स्तर से छह ट्रॉली मिट्टी और रोड़ा डलवाकर गड्ढों को भरवाया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा छेवीं नवमी पातशाही के सामने चीका-पिहोवा मार्ग लंबे समय से जर्जर है। जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित विभाग से सड़क मरम्मत की मांग की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गड्ढे में पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि लगातार दुर्घटनाओं को देखते हुए उन्होंने लोगों को तत्काल राहत देने के लिए गड्ढे में मिट्टी और रोड़ा डलवाया। उन्होंने सड़क की स्थायी मरम्मत जल्द कराने की मांग भी की।
खस्ता हाल में चीका-पिहोवा मार्ग।