संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शेयर बाजार में निवेश करना हो, समझदारी से करें। कहीं ऐसा न हो कि आप धोखाधड़ी के शिकार बन जाएं। साइबर अपराधी बड़ी चालाकी से आपको जाल में फंसाकर आपकी रकम हड़प सकते हैं। जान लें कि ये अपराधी बड़े रिटर्न का वादा करके आपको फंसाते हैं। ऐसे साइबर अपराध से
बचने के लिए पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
एसपी राजेश कालिया ने कहा है कि आधुनिक युग में साइबर अपराधी तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर आमजन के साथ ठगी का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधियों से बचने का सशक्त माध्यम है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवाओं में शेयर मार्केट में पैसे लगाने की रुचि काफी बढ़ रही है। युवा कम समय में शेयर मार्केट में अलग-अलग कंपनियों के शेयर खरीद कर मुनाफा कमाने के चक्कर में रहते हैं।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया के जरिए निवेशकों को शेयर बाजार में निवेश पर अधिक लाभ देने का लालच देकर डीमैट अकाउंट खोलने के लिए फॉर्म भरने व प्रोसेसिंग फीस जमा करवाने के लिए दबाव बनाते हैं और जब व्यक्ति एक बार इनके चुंगल में फंस जाता है तो फिर इनके बिछाए जाल में लगातार धंसता चला जाता है।
निवेशक इन जालसाजों के खाते में निवेश का पैसा जमा कराता रहता है, और ग्राहक को नकली ग्राफ का उपयोग करके उसके द्वारा खरीदे गए शेयरों को बढ़ा चढ़ा कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिखाते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि जब पीड़ित व्यक्ति अपनी निवेश की गई राशि को वापस देने का अनुरोध करता है तो साइबर अपराधी अपनी गलत पहचान बताकर या तो अपना अकाउंट बंद कर देते हैं या अकाउंट ब्लॉक कर देते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के जालसाजों से बचने के लिए निवेशक सेबी द्वारा पंजीकृत सलाहकार से ही निवेश की सलाह लें। किसी भी अनजान व्यक्ति से किसी भी प्रकार की कॉल, एसएमएस के जरिए वित्तीय लेनदेन किसी भी सूरत में नहीं करें। किसी भी शेयर बाजार से संबंधित धोखाधड़ी की रिपोर्ट साइबर राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत कर सकते हैं।
ऐसे करते हैं काम
स्टॉक ब्रोकर के रूप में घोटालेबाज ऑनलाइन विज्ञापन करते हैं। वे त्वरित लाभ का वादा करते हुए कहते हैं कि यदि आप सुबह निवेश करते हैं, तो शाम तक रिटर्न मिल जाएगा। वे आपको विश्वास दिलाने के लिए आपके खाते में नकली मुनाफा भी दिखाते हैं। लाभ पर शेयर खरीदने और बेचने का वादा कर आगामी आईपीओ के बारे में अंदरूनी जानकारी होने का दावा भी कर सकते हैं। वे अपने ऐप में उपयोग करने के लिए आपका नाम और खाता विवरण मांगते हैं। एक बार जब आप बड़ी रकम निवेश कर देते हैं, तो एप बड़ा मुनाफा दिखाता है लेकिन जब आप पैसे निकालने का प्रयास करते हैं, तो यह जटिल हो जाता है। यहां तक कि अगर आप अधिक निवेश करने से इनकार करते हैं, तो भी वे आप पर ऐसा करने के लिए दबाव डालते हैं। नतीजा, आप बड़ी रकम खो सकते हैं।