संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवक को कनाडा भेजने के नाम पर एक आरोपी ने 53 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव खरकां निवासी बेअंत सिंह ने गुहला थाना में शिकायत दी कि फरवरी 2024 में उसकी पहचान गांव बुबकपुर निवासी हरकीरत सिंह से हुई थी। हरकीरत सिंह ने कहा कि वह उसके भाई सतवंत सिंह को कनाडा भेज देगा।
इस पर वह सहमत हो गया। आरोपी ने उससे अलग-अलग समय में 53 लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आरोपी ने न तो उसके भाई को विदेश भेजा और न ही राशि वापस की। रुपयों को लेकर जब उन्होंने गांवों में पंचायत की तो आरोपी ने उन्हें दो चेक दे दिए, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए।
पासपोर्ट तक अभी आरोपी के पास हैं। शिकायकर्ता ने कहा कि ऐसा करके आरोपी ने उनके साथ 53 लाख रुपये की ठगी की है। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।