कैथल। स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमों ने रविवार को शहर में डेंगू के मच्छर के लार्वा, मलेरिया और चिकनगुनिया से बचाव के लिए ड्राई डे मनाया। इस कार्यक्रम में टीमों ने घर-घर पहुंचकर मच्छर के लार्वा की जांच की और लोगों को डेंगू से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया।
बता दें कि जिले में अब तक डेंगू के आठ संक्रमित केस मिल चुके हैं। वहीं, दो संक्रमितों की मौत भी हो चुकी है। जबकि पिछले साल जिले में डेंगू से संक्रमित मरीजों की संख्या 118 थी। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए पूरे जिले में 238 टीमों का गठन किया है।
इसके तहत गत शुक्रवार को डेंगू का आठवां संक्रमित केस मिला था। उस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिलेभर के नौ हजार 560 घरों व दुकानों में डेंगू के मच्छर के लार्वा की जांच की। इस दौरान अलग-अलग टीमों को 22 जगहों पर लार्वा मिला था। अब तक 2580 संदिग्ध मरीजों के डेंगू के सैंपल लिए गए हैं। इसके साथ ही अब तक 2165 जगहों पर डेंगू के मच्छर का लार्वा मिल चुका है। संवाद