संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रुपये दोगुना करने के नाम पर अदालत के एक कर्मचारी से साढ़े 10 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर गुहला थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गुहला थाने में दी गई शिकायत में प्योदा गांव निवासी कर्मजीत ने बताया कि वह गुहला के कोर्ट में एसए के पद पर कार्यरत है। चीका के कन्या स्कूल में सरकारी अध्यापक के रूप में कार्यरत आरोपी लख्मीचंद वर्ष 2022 में उससे कोर्ट में मिलने के लिए आया था। वह उससे पांच लाख रुपये मांग रहा था। उस समय उसने रुपये देने से मना कर दिया था। कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया था। वह घर गया तो वहां उसके बेटे बलविंद्र व गुरमीत भी मौजूद थे।
वहां भी आरोपी ने उससे पांच लाख रुपये मांगे और उसे लालच दिया कि इन रुपयों को दोगुना करके वापस देंगे। ऐसे कहा कि इन पैसों को क्रिप्टो में लगाएंगे। पैसे दोगुना करने की जिम्मेदारी भी हमारी ही होगी। उनकी बातों में आकर आरोपी को पांच लाख रुपये अलग-अलग तिथि में दे दिए थे। यह राशि लख्मीचंद और उसकी पत्नी के खातों में ऑनलाइन भेजी गई थी। कुछ समय के बाद वह रुपये वापस मांगने गया तो आरोपी बोला की क्रिप्टो करंसी में काफी नुकसान हो गया है। उसने कहा कि अब दूसरी जगह पर रुपये निवेश कर रहे हैं। अब दोबारा से साढ़े पांच लाख रुपये दे दो नहीं तो पहले वाले रुपयों को भी भूल जाओ। इसके बाद उसने आरोपी को दोबारा साढ़े पांच लाख रुपये दे दिए थे। अगस्त 2023 तक उसे साढ़े 10 लाख रुपये दोगुना करके वापस करने की बात कही गई थी।
पीड़ित के मुताबिक, पूरा समय होने के बाद वह रुपये मांगने के लिए गया तो उसने बात करनी बंद कर दी। उसके फोन उठाना भी बंद कर दिया गया। रुपये वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने उसके साथ साढ़े दस लाख रुपये की ठगी की है। गुहला थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।