प्रदेश के पहले डिजिटल गांव चंदाना में ग्राम सभा की सूचना अब सदियों पुरानी मुनियादी की परंपरा की बजाए एसएमएस से दी जाएगी। ऐसा करने वाला चंदाना प्रदेश का ही नहीं शायद देश का पहला गांव होगा। हर घर में मोबाइल होने का लाभ उठाते हुए ग्राम पंचायत ने यह फैसला लिया है।
मंगलवार को गांव चंदाना में पहली ई-ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिसमें सरपंच सुरेंद्र कुमार ने प्रोजेक्टर के माध्यम से गांव में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही भावी योजनाओं का खुलासा किया। इस ग्राम सभा में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सुरेंद्र कुमार भी भाग लेने पहुंचे।
पहली ई-ग्राम सभा में फैसला लिया गया कि अब गांव में ग्राम सभा सहित अन्य सभी प्रकार की सूचनाएं एसएमस से दी जाएंगी। इससे पहले सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार ग्राम सभा एवं अन्य सूचनाओं के लिए या तो गांव के मंदिर एवं चौपाल के लाउड स्पीकर से या फिर चौकीदार द्वारा गली-गली जाकर मुनियादी की जाती थी। जिसकी अब आवश्यकता नहीं रहेगी। डीडीपीओ ने एसएमएस से सूचना दिए जाने की योजना का शुभारंभ किया।
सरपंच सुरेंद्र कुमार ने डिजिटल प्रोजेक्टर की मदद से विकास गतिविधियों का लेखा-जोखा चित्रों सहित प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि गांव चंदाना पहले ही हाईटैक होने के साथ-साथ विकास की गतिविधियों को ऑनलाइन किया जा चुका है, जिससे सूचना के अधिकार कानून के तहत सूचना मांगने वाले लोगों को एक क्लिक करते ही पूरा लेखा-जोखा कंप्यूटर पर उपलब्ध हो जाता है। संभवत: यह पहली बार है कि किसी गांव में ई-ग्राम सभा का आयोजन कर लोगों को पूरे पारदर्शी तरीके से पंचायत के कार्य की जानकारी दी गई है।
ग्राम सभा में पीएम नरेंद्र मोदी का इंटरनेट व्यवस्था पर भाषण भी ग्राम वासियों के सम्मुख प्रस्तुत किया गया, ताकि ग्राम वासी सूचना प्रौद्योगिकी के युग में इंटरनेट व आधुनिक संचार सूचनाओं से अपडेट हो सकें।