सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और हवाएं चलती रही। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक तेज बारिश हो सकती है। इससे जहां धान की फसल को फायदा मिलेगा, वहीं कपास की फसल को नुकसान हो सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने कहा कि बारिश होने पर किसान फसलों की विशेषकर देखभाल करें। बदलते मौसम में फसलों में बीमारी आने का खतरा रहता है। कपास की फसल में पानी एकत्रित न होने दें। आगामी तीन दिनों तक पानी की सिंचाई न करें।