भारतीय जनता पार्टी ने कैथल नगर परिषद, गुहला-चीका व राजौंद नगर पालिकाओं के चेयरमैन पद के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पार्टी के चेयरमैन चुनाव के लिए प्रभारी बनाए गए विधायक घनश्याम अरोड़ा ने लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में तीनों शहरों के पार्षदों से एक-एक करके कुर्सी को लेकर उनकी इच्छाएं जानीं। तीनों शहरों में कैथल नगर परिषद के 31 में से 23, गुहला नगर पालिका के 17 में से 16 व राजौंद नगर पालिका के 13 में से 13 पार्षदों ने यहां पहुंच कर अपनी राय पार्टी नेताओं को बताई। वहीं चुनाव प्रभारी ने भारतीय जनता पार्टी के जिलास्तरीय नेताओं से भी तीनों शहरों के चेयरमैन के लिए संभावित पार्षदों के नाम पर चर्चा की। घनश्याम दास
अरोड़ा सुबह लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह पहुंचे। जहां उन्होंने सबसे पहले कैथल के 23 पार्षदों से एक-एक करके कमरे में चेयरमैन पद को लेकर गुप्त मंत्रणा की। इसके बाद गुहला-चीका व बाद में राजौंद के पार्षदों से भी चर्चा की। जिसमें पार्षदों ने अपनी-अपनी इच्छानुसार उम्मीदवारों के नामों को लेकर जानकारी दी। बाद में चुनाव प्रभारी ने कहा कि यहां जो भी पार्षद पहुंचे, उन सभी ने पार्टी के फैसले में अपनी सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद कैथल व राजौंद, चीका नगर पालिका में चेयरमैन व वाइस चेयरमैन भाजपा पार्टी द्वारा तय किया हुआ ही बनेगा।
यह पहले दौर की बैठक थी, दूसरे दौर की बैठक 24 जुलाई को होगी। बातचीत की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी। इस पर मनन व चिंतन करने, मुख्यमंत्री व अन्य संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा करने के बाद ही चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के नाम तय किए जाएंगे।
अधिकतर ने खुद को बताया चेयरमैनी का दावेदार
वहीं कैथल नगर परिषद के अधिकतर पार्षद खुद को ही चेयरमैनी का दावेदार मान रहे हैं। जिस कारण पार्टी को कैथल में फैसला करना मुश्किल हो सकता है। अब देखना यह है कि पार्टी किस तरह से इन सभी में तालमेल बैठाते हुए कुर्सी का फैसला लेती है। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में गुहला-चीका विधायक कुलवंत बाजीगर, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष सुभाष हजवाना, रॉकी मित्तल, अरुण सर्राफ, संजय भारद्वाज, रामपाल राणा, धर्मबीर सैनी, पाला राम सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
कैथल में पार्षद आज लेंगे शपथ
बुधवार को नगर परिषद कैथल में नवचयनित पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके लिए कार्यालय में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। वहीं सभी पार्षदों को इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित कर दिया गया है। बताया जा रहा है शपथ ग्रहण समारोह के कुछ दिन बाद ही चेयरमैनी के फैसले के लिए बैठक बुलाई जाएगी।