पहली बार बनीं नगरपालिका राजौंद में प्रधान व उप-प्रधान पद पर भारतीय जनता पार्टी के समर्थक पार्षदों को सर्वसम्मति से चुन लिया गया। राजौंद के 13 में से 8 पार्षदों ने प्रधान पद के लिए वार्ड नंबर 1 से गुड्डी देवी व उप-प्रधान पद के लिए सरदार निरवैर सिंह को सर्वसम्मति से चुन लिया। दूसरे गुट के 5 पार्षद चुनावी बैठक में नहीं पहुंचे। चुनाव अधिकारी और एसडीएम ने दोनों के चयन का एलान कर दिया।
पिछले कई दिन से चेयरमैन चुनाव को लेकर चल रही धड़ेबंदी के बीच शुक्रवार को प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देश के तहत ठीक ढाई बजे चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए वार्ड नंबर 1 से पार्षद गुड्डी देवी अपने सहयोगी 7 पार्षदों के साथ नगर पालिका कार्यालय पहुंची। उधर, दूसरे गुट के 5 पार्षद जब निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे तो ढाई बजे चुनाव अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी नागरिक कलायत ओमप्रकाश ने चुनावी प्रक्रिया शुरू कर दी। करीब 20 से 25 मिनट तक चली बैठक के दौरान सरकारी नुमाइंदे द्वारा बार बार आवाजें लगाकर किसी भी पार्षद के बाहर होने के बारे व अंदर उपस्थित होने के बारे में हिदायत जारी की गई। लेकिन चुनावी प्रक्रिया के अंतिम क्षण तक भी दूसरे गुट का कोई भी पार्षद चुनाव में भाग लेने के लिए नहीं पहुंचा। इसी बीच 8 पार्षदों ने प्रधान पद के लिए गुड्डी देवी व उप-प्रधान पद के लिए सरदार निरवैर सिंह के नाम का प्रस्ताव किया।
चुनाव अधिकारी ने सभी पार्षदों से हाथ उठवाकर इस पर सहमति के बारे पूछा। सभी की सहमति मिलने पर दोनों को प्रधान व उप-प्रधान चुन लिया गया। चुनावी बैठक में कलायत के विधायक व कुरुक्षेत्र के सांसद की भी चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने की पूरी संभावना बनी हुई थी। लेकिन सांसद व विधायक भी नहीं पहुंच पाए। चुनाव अधिकारी ने बताया कि 13 में से 8 पार्षदों द्वारा दोनों नामों पर सहमति के बाद गुड्डी देवी को प्रधान व सरदार निरवैर सिंह को उप-प्रधान चुन लिया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने दी बधाई
भाजपा के जिलाध्यक्ष सुभाष हजवाना ने नवनियुक्त चेयरमैन व डिप्टी चेयरमैन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त भाजपा के सिपाही के रूप में काम करेंगे। भाजपा की नीतियों को ध्यान में रखते हुए नगर में विकास की गति को तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों व नवनियुक्त बिना भेदभाव के पूरे नगर में कार्य करवाएंगे सभी को साथ लेकर चलना ही भाजपा का मकसद रहा है।
इस दौरान संजय भारद्वाज, रामपाल राणा, मंडल अध्यक्ष राकेश राणा, निगरानी कमेटी प्रमुख डा. संदीप राणा, महेंद्र, कपिल, विक्की, अरुण राणा, जिला परिषद शकुंतला, सतपाल चौहान, मक्खन, प्रमोद, जयपाल, राजेंद्र, रविंद्र, रोहित सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
समर्थकों ने मनाया जश्न
प्रधान व उप-प्रधान के चयन होने पर दोनों के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। सभी ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। साथ ही समर्थकों ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए डीजे की थाप पर जमकर धमाल मचाया। रंगों से अटे समर्थक अपनी खुशी इजहार करते हुए उप चेयरमैन निरवैर सिंह के आवास पर जुलूस के साथ पहुंचे। उसके बाद समर्थक चेयरमैन के निवास पर जमकर धमाल मचाया।