संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर में डीसी आवास से महज 300 मीटर दूर स्थित पार्क के पास शनिवार सुबह स्नैचिंग की वारदात हुई। सुबह करीब साढ़े सात बजे सैर कर घर लौट रहे वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद गुप्ता के गले से 26 ग्राम सोने की चेन छीनकर दो बाइक सवार बदमाश भाग निकले।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
सेक्टर 19 निवासी 65 वर्षीय एडवोकेट आनंद गुप्ता ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह छह बजे पार्क में सैर करने गए थे। सैर के बाद जब वे मुख्य मार्ग पर पहुंचे, तभी बाइक पर आए दो युवक अचानक उनके पास रुके और झपट्टा मारकर चेन छीन ली। पीड़ित ने बताया कि दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे और उन्होंने मुंह भी कपड़े से ढक रखा था।
चेन छीनने के बाद बदमाश अदालत परिसर की ओर भाग गए। पीड़ित ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। आनंद गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्यालय हैं, इसके बावजूद सुरक्षा प्रबंध बेहद कमजोर हैं। उन्होंने मांग की कि इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके।
सिविल लाइन थाना प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात दो बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।