कैथल। केंद्र सरकार के गुणवत्ता परिषद के निर्देश पर एक एजेंसी की टीम नई अनाज मंडी में किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं की जांच के लिए पहुंची। टीम ने अनाज मंडी में किसानों से बात की। साथ ही खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से बातचीत की। टीम के सदस्य सुविधाओं की रिपोर्ट जुटाने पहुंचे रन सिंह ने बताया कि केंद्रीय गुणवता परिषद के निर्देश पर वे लखनऊ से यहां आए हैं। यहां मंडी में 10 दिनों तक रहकर सरकार की ओर से किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसमें किसानों को गेटपास की सुविधा है या नहीं, उनके रजिस्ट्रेशन के लिए क्या सुविधा है। उन्हें भुगतान समय पर हो रहा है या नहीं? मंडी में देरी होने पर रुकने की क्या व्यवस्था है। मंडी में मौसम खराब होने पर फसल को बचाने के लिए क्या व्यवस्था है। किसानों के लिए शौचालयों की व्यवस्था, कैंटीन में दी जाने वाली सुविधाओं की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। मंडी में स्थित सोसाइटी कार्यालय में हेफेड के इंस्पेक्टर संजीव ढुल और पिंकी के साथ बैठक कर टीम ने जानकारी जुटाई। इसके बाद मंडी में खरीद प्रक्रिया को लेकर किसानों से बातचीत की।