संवाद न्यूज एजेंसीकैथल। कलायत क्षेत्र में सात साल की बच्ची के लापता होने के बाद उसकी तलाश में पुलिस और ग्रामीणों ने करीब 26 घंटे तक खेतों, तालाबों, जलाशयों, खंडहरों और आसपास के इलाकों को खंगाला था। बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं।
तालाब में डूबने की आशंका के चलते गोताखोरों की भी मदद ली गई। रातभर चले सर्च अभियान के बाद अगले दिन बच्ची का अधजला शव बरामद हुआ था। बाद में गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस को ऐसा सुराग मिला, जिससे जांच हत्या के आरोपी पवन उर्फ मोनी तक पहुंची।
मामला 8 अक्तूबर 2022 का है। बच्ची ने अपनी मां से खाने के लिए चावल बनाने को कहा था और इसके बाद घर से बाहर खेलने चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देखते ही देखते ग्रामीण भी बच्ची की तलाश में जुट गए। पुलिस को सूचना मिलने के बाद बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। तत्कालीन एसपी ने 150 से अधिक पुलिसकर्मियों को तलाश में लगाया था।
गोताखोर भी उतारे : बच्ची के अचानक गायब होने के बाद उसके तालाब में डूबने की आशंका भी जताई गई थी। इसके चलते पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तालाब और आसपास के जलाशयों में तलाश करवाई। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने खेतों और सुनसान स्थानों को भी खंगाला। ग्रामीण रातभर बच्ची को ढूंढते रहे। करीब 26 घंटे बाद उसका अधजला शव बरामद हुआ तो पूरे गांव में मातम और आक्रोश फैल गया।
पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग हाथ लगा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पवन उर्फ मोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में वारदात से जुड़े तथ्य सामने आए। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश था और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठी थी।
बच्ची के लापता होने के बाद पूरा गांव रातभर उसकी तलाश में जुटा रहा था। परिजनों के लिए यह घटना बेहद दर्दनाक थी। बच्ची के पिता सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में बच्ची के अलावा उसकी दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई था। बच्ची ने मां को खाने के लिए चावल बनाने को कहा था और बाहर खेलने गई। इसके बाद वापिस नहीं लौटी थी।
शव को पेट्रोल से जलाने का किया था प्रयास
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई थी। वारदात के बाद शव को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया था। शव की हालत ने जांच को और गंभीर बना दिया था। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की।
सब्जी बेचकर परिवार पालते हैं बच्ची के पिता
बच्ची के पिता सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में बच्ची के अलावा उसकी दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। बच्ची के अचानक लापता होने से लेकर उसका शव मिलने तक परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश में पूरी रात लगा दी थी। घटना के बाद गांव में लंबे समय तक आक्रोश का माहौल रहा और ग्रामीण आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग करते रहे।