कैथल। शहर में शुक्रवार को देर शाम दिल्ली से सीबीआई की टीम ने दस्तक दी है। टीम में एक इंस्पेक्टर सहित तीन से चार अन्य सदस्य शामिल हैं। वहीं सीबीआई टीम की सूचना मिलने के बाद स्थानीय खुफिया एजेंसी और पुलिस-प्रशासन भी हरकत में है।
संभावना जताई जा रही है कि शनिवार की सुबह सीबीआई टीम कहीं दबिश दे सकती है। फिलहाल स्थानीय पुलिस-प्रशासन को भी यह जानकारी नहीं हो सकी है कि सीबीआई की ओर से किस मामले में और कहां कार्रवाई की जानी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम शुक्रवार की शाम करीब छह बजे ही एक विश्राम गृह में पहुंच गई थी, जो देर शाम तक वहीं रही। आशंका जताई जा रही है टीम शनिवार को जिले में किसी भी स्थान पर दबिश दे सकती है। इसे लेकर स्थानीय पुलिस-प्रशासन और खुफिया एजेंसी भी अलर्ट रही, हालांकि अधिकारी मामले से अनभिज्ञता जताते रहे। इस संबंध में एसपी उपासना ने बताया कि सीबीआई टीम के पहुंचने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।