संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अमेरिका भिजवाने के नाम पर 6.30 लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी गांव मानस निवासी सुरेश कुमार को आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की टीम ने गिरफ्तार किया। बुधवार को पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए तीन दिन रिमांड पर लिया है।
मायापुरी कॉलोनी कैथल निवासी ज्योति की शिकायत के अनुसार वह विदेश जाना चाहती थी। 14 फरवरी 2024 को उसने अपने पिता राजेश कुमार के साथ गांव मानस निवासी सुरेश कुमार, उसकी पत्नी और बेटे दिनेश से बातचीत की। आरोपियों ने अमेरिका भिजवाने का आश्वासन दिया और 16.50 लाख रुपये की डील तय की। इसमें 6.50 लाख रुपये अग्रिम और 10 लाख रुपये अमेरिका पहुंचने के बाद देने की बात कही गई।
15 फरवरी को सुरेश कुमार उनके घर आया और काम जल्द बनने का भरोसा दिया। इसके बाद ज्योति के पिता ने आरोपियों के खाते में 4.90 लाख रुपये जमा करा दिए।
अलग-अलग बहानों से उनसे और 1.40 लाख रुपये ले लिए गए। बाद में आरोपियों ने दावा किया कि रकम अंबाला के एजेंट सोनू को दे दी गई है।
जब काम नहीं बना तो आरोपियों ने कहा कि 10 नवंबर 2024 तक रुपये लौटा देंगे। लेकिन रुपये मांगने पर उन्होंने देने से इन्कार कर धमकी तक दी। इसके बाद थाना शहर कैथल में केस दर्ज किया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है।